बीएसएनल ने 34 टावर किए स्थापित, नेटवर्क कार्य शेष, जल्द मिलेगी सुविधा : रवि ठाकुर
काजा में 1.86 करोड़ की लागत से बनने वाले कन्या छात्रावास का किया शिलान्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
काजा (लाहौल-स्पीति)। स्पीति के हर गांव को 4जी नेटवर्क से जाेड़ा जाएगा। यह बात विधायक रवि ठाकुर ने स्पीति के दौरे के दौरान कही। उन्होंन कहा कि हर गांव को 4जी नेटवर्क से जोड़ने के लिए बीएसएनएल के 34 टावर अभी तक स्पीति में स्थापित किए जा चुके हैं। इसमें अभी नेटवर्क शुरू करने का कार्य शेष है। पिन घाटी जोकि पूरी तरह से किसी भी मोबाइल नेटवर्क से कटी हुई थी, वहां पर भी मोबाइल टावर स्थापित किया जा चुका है। आगामी कुछ महीनों में इसे सुचारू कर दिया जाएगा। सर्दियों में स्पीति में काम करना मुश्किल होता है लेकिन फिर भी प्रशासन और बीएसएनएल प्रबंधन कार्य कर रहा है। हमारा लक्ष्य स्पीति के हर गांव, हर क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क पहुंचाना है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि लांगचा, कॉमिक, हिक्किम गांव में आईसीआईसीआई की ओर से एक-एक किलोवाट के सोलर प्लांट हर परिवार को वितरित किए गए हैं। जल्द ही इसी तरह के प्लांट स्पीति के अन्य गांवों में भी वितरित किए जाएंगे। उन्होंने स्पीति के दौरे पर पहुंचे विधायक रवि ठाकुर ने लिदांग, लारा, काजा, लांगचा, कॉमिक और हिक्किम में जन समस्याएं सुनीं। इस दौरान विधायक ने काजा में 1.86 करोड़ की लागत से बनने वाले कन्या छात्रावास का शिलान्यास किया। यह छात्रावास पहले से बने छात्रावास के साथ ही बनेगा। विधायक ने कहा कि स्पीति में छात्रावास की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी। छात्रावास में 12 कमरे बनेंगे, जोकि स्पीति की मिट्टी से ही बने होंगे। मिट्टी से बने कमरों में सर्दियों में ठंड का अहसास कम होता है। डेढ़ साल के भीतर छात्रावास को तैयार कर दिया जाएगा। उन्होंने काजा पुलिस परिसर में 66 लाख रुपये की लागत से बनने जा रहे सम्मेलन कक्ष का भी शिलान्यास किया। इसके बाद उन्होंने काजा में बन रहे ग्रामीण हट का निरीक्षण किया। विधायक ने लंबित कार्यों की अनुमानित लागत तैयार करके शीघ्र कार्य पूरा करने ने निर्देश दिए। कॉमिक, हिक्किम और लांगचा में लोगों की जन समस्याओं के समाधान के लिए विधायक ने आश्वासन दिया। इस अवसर पर एसडीएम हर्ष अमरेंद्र नेगी सहित अन्य मौजूद रहे।