एक करोड़ की लागत से बनी शानाधार-श्राईकोटी मार्ग से लोग होंगे लाभान्वित, प्रशासन, लाेक निर्माण विभाग और परिवहन निगम ने किया संयुक्त निरीक्षण
तीन पंचायतों के लोग कम समय में पहुंच सकेंगे श्रीइकोटी मंदिर
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। शानाधार-श्राईकोटी संपर्क मार्ग पर एक करोड़ की लागत से जल्द क्षेत्र के बागवानों को बड़े वाहनों की आवाजाही की सुविधा मिलेगी। लोक निर्माण विभाग ने शानाधार से लेकर श्राइकोटी संपर्क मार्ग 8 किलोमीटर सड़क को वाहनों के लिए दुरुस्त कर दिया है। इससे पहले दो किलो मीटर सड़क का निर्माण न होने से बडे़ वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें आ रही थी। अब दो किलोमीटर नई सड़क पूरी तरह से खुलने से बागवानों को बड़ी राहत मिलेगी। सड़क पर बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए शनिवार को प्रशासन की ओर से तहसीलदार रामपुर जयचंद की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग, परिवहन निगम के अधिकारियों ने मौके पर जाकर सड़क का संयुक्त निरीक्षण करने के बाद पास कर दिया है। वहीं उक्त क्षेत्र के हजारों लोगों को श्राइकाटी मंदिर में दर्शन करने के शानधार श्राइकोटी मंदिर जाने में कम समय लगेगा। लोक निर्माण विभाग रामपुर के सहायक अभियंता बृजलाल ने बताया कि शानधार श्राइकोटी संपर्क मार्ग में दो किलोमीटर सड़क पर पहले विवाद होने पर काम शुरू नहीं हो पाया था लेकिन अब सड़क का निर्माण पूरी तरह से हो गया है। अब बागवानों को नगदी फसलों और सेब को मंडियों में पहुंचाने में परेशानी नहीं होगी।