सुंदरकांड, राम नाम के जाप और ढोलकी, चिमटा के साथ लोगों को दिया गया निमंत्रण
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से देश के करोड़ों हिंदुओं में खुशी का माहौल है। लोग बेसब्री से 22 जनवरी का इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद अयोध्या का राम मंदिर एक तीर्थ स्थल के रूप में विकसित हो जाएगा। इन दिनों रामपुर उपमंडल के ग्रामीण क्षेत्र जय श्रीराम के जयकारों से गूंज रहे हैं। गांव-गांव अक्षत लेकर टोलियां पहुंच रही हैं। रामपुर उपमंडल के ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों को निमंत्रण दिया जा रहा है। बुधवार को उपमंडल की दुर्गम पंचायत सरपारा में भी श्रीराम जन्म भूमि अयोध्या से पूजित अक्षत वितरण और निमंत्रण का कार्य शुरु हो गया है। जड़ नाग देवता सरपारा के मंदिर में अक्षत की पहली पुड़ी देने के बाद सरपारा सहित सभी गांव में अभियान आरंभ हुआ। अक्षत वितरण टोली ने ढोलकी, चिमटा और खंजरी की धुन में राम नाम का जाप और सुंदर कांड के पाठ के साथ पूजित अक्षत और निमंत्रण घर घर जाकर वितरित किए गए। सभी लोगों को 22 जनवरी को श्रीराम जन्म भूमि मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दिन अपने अपने मंदिरों में समारोह मनाने और अपने-अपने घरों में कम से कम पांच दीप जलाने और घर को सजाने का आग्रह किया जा रहा है। इस अभियान में झाकड़ी खंड संघ चालक जीवन नेगी, गुलाब नेगी, किशोर परमार, आलोक नेगी, मस्तराम कपटिया, तुला राम, राजेश, जोबन दास और मोहन सहित स्थानीय लोग सहयोग कर रहे हैं।