फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahar News: सेरी खड्ड में सौ मीटर सड़क ध्वस्त, करोड़ों का सेब फंसा

विज्ञापन
सेरी खड्ड में दलदल बनी सडक़ पर दो सप्ताह से वाहनों की आवाजाही पड़ी ठप। स्रोत - संवाद
विज्ञापन
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल के 12/20 क्षेत्र में करोड़ों रुपये के सेब को मंडी पहुंचाने पर संकट खड़ा हो गया है। क्षेत्र की चार पंचायतों के हजारों लोगों को लाभान्वित करने वाली तकलेच-देवठी सड़क का सेरी खड्ड के समीप 100 मीटर हिस्सा ध्वस्त हो गया है। इस कारण पांच से सात लाख सेब की पेटियों को मंडी पहुंचाने की बागवानों को चिंता सता रही है। क्षेत्र के निचले इलाकों में सेब सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है लेकिन मार्ग ध्वस्त होने से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं।
विज्ञापन


मजबूरी में बागवान मजदूरों से उक्त क्षेत्र में सेब की फसल को उठाकर दूसरी तरफ पहुंचाने को मजबूर हैं। इसमें उनके समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है। सैरी खड्ड के समीम जमीन दलदल में तबदील हो चुकी है। इस वजह से लोक निर्माण विभाग के लिए मार्ग बहाल करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

गौर हो कि उपमंडल की देवठी, कूहल, मुनिश बाहली और काशापाट पंचायत का संपर्क बीते दो सप्ताह से कटा हुआ है। यहां दो स्थानों पर सड़क का एक बड़ा हिस्सा ढह गया है, जबकि भूमि धंसाव का सिलसिला अभी भी जारी है। सड़क बाधित होने के कारण जहां उक्त पंचायतों में राशन, खाद्य सामग्री और अन्य सामान पहुंचाना ग्रामीणों के लिए मुश्किल हो गया है, वहीं सेब बहुल इस इलाके में ग्रामीणों की आर्थिकी का मुख्य साधन सेब उत्पादन है। क्षेत्र के निचले इलाकों में सेब सीजन शुरू हो गया है, लेकिन तकलेच-देवठी सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है।
विज्ञापन


इस कारण लाखों पेटी सेब को मंडी पहुंचाना मुश्किल हो गया है। निचले क्षेत्रों से बागवान छोटे वाहनों में प्रति पेटी 40 रुपये भाड़ा देकर सेब सेरी खड्ड पहुंचा रहे हैं। यहां से आगे मजदूरों से सेब उठाकर खड्ड की दूसरी ओर पहुंचाया जा रहा है। इसके एवज में बागवानों को 60 रुपये प्रति पेटी देने पड़ रहे हैं। ऐसे में बागवानों पर दोहरी मार पड़ रही है। इन पंचायतों में करीब पांच से सात लाख सेब की पेटियों का उत्पादन होता है। सड़कें बाधित होने से सेब को मंडी पहुंचाना परेशानियों भरा बना हुआ है।

हजारों बागवानों ने प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग से क्षतिग्रस्त सड़क को जल्द बहाल करने की मांग की है। स्थानीय बागवान सनम कायथ, अक्षय कायथ, बिट्टू कायथ, शेखर चौहान, योगेंद्र, बॉब चौहान, अविनाश कोटलू, ओपी चौहान, भरत कंटू, प्रवीण मेहता, हरदयाल और टेक सिंह सहित अन्यों ने कहा कि बागवानों की सालभर की मेहनत पर पानी फिर रहा है।

उन्होंने सरकार और लोक निर्माण विभाग से जल्द सड़क बहाली की मांग की है। वहीं बागवानों ने कूहल से लालसा वाया बाहलीधार वैकल्पिक मार्ग को जल्द बहाल करने का मुद्दा भी उठाया है। इस वैकल्पिक मार्ग से भी केवल छोटे वाहनों की आवाजाही हो सकती है। बागवानों ने इस सड़क को प्रमुखता से बहाल करने की विभाग से गुहार लगाई है।

सेरी खड्ड में लगातार भूमि धंसाव हो रहा है। अगर यहां पहाड़ी की ओर कटाव किया जाता है, तो ऊपर की सड़क को भी खतरा हो सकता है। मौसम खुलते ही सड़क बहाल करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। वीरवार को स्वयं मौके पर जाकर जायजा लूंगा।
विज्ञापन


शोभा राम, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग तकलेच
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें