रामपुर बुशहर/ननखड़ी। भाजपा मंडल ने शनिवार को संत शिरोमणि सतगुरु रविदास की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई। भाजपा पदाधिकारियों ने इस दौरान केंद्र सरकार की योजनाओं से ग्रामीणों को जागरूक किया और इनका का लाभ उठाने का आह्वान किया। भारतीय जनता पार्टी मंडल रामपुर के अंतर्गत बूथ नंबर-11 चेबड़ी और दनावली में शनिवार को अनुसूचित जाति बस्ती संपर्क और संवाद अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला महासू उपाध्यक्ष संतोष मेहता बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। उन्होंने संत रविदास के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु रविदास मध्यकाल में एक भारतीय संत, कवि और सतगुरु थे। इन्हें संत शिरोमणि सत गुरु की उपाधि दी गई है। उन्होंने रविदासिया पंथ की स्थापना की और इनके रचे भजन सिख समुदाय के पवित्र ग्रंथ गुरुग्रंथ साहिब में भी शामिल हैं। इन्होंने जातपात का घोर खंडन किया और आत्मज्ञान का मार्ग दिखाया था। रामपुर उपमंडल के तकलेच के तहत आने वाले चिखरी गांव में भी ग्रामीणों को केंद्र की कल्याणकारी योजनाएं बताईं। कार्यक्रम में भाजयुमो के अध्यक्ष अविनाश कायथ बतौर मुख्यातिथि मौजूद हुए। इस मौके पर भाजपा ग्राम केंद्र अध्यक्ष दलीप चौहान, मीना राम, वीना कश्यप, सुंदर सिंह, मेहर सिंह वर्मा और शीला धीमान सहित अन्य मौजूद रहे।