संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। इस सर्दी के पहले भारी हिमपात के बाद रविवार को परिवहन निगम के रोहड़ू डिपों के अधिकांश रूट बंद रहे। वहीं ट्रांसफार्मरों के ठप होने और बिजली लाइनों के टूटने से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली गुल है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हिमपात के कारण ररिवार सुबह रोहड़ू मंडल में बिजली बोर्ड के कुल 713 ट्रांसफार्मरों में से केवल 73 से ही बिजली की नियमित आपूर्ति हो रही थी। मौसम खुलने के बाद बिजली बोर्ड के कर्मचारियों और मजदूरों ने देर शाम तक करीब चार सौ ट्रांसफार्मरों को बहाल कर दिया है जबकि अन्य ट्रांसफार्मरों में अधिक नुकसान होने से समय लग रहा है। हिमपात के बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों के अधिकांश गांवों के लोगों को अंधेरे में ही रात गुजारनी पड़ी। हिमपात के कारण सड़कें बंद होने से दोपहर के बाद भी अधिकांश मार्गाें पर वाहनों की आवाजाही बंद रही। मौसम खुलने के बाद दोपहर बाद से निचले क्षेत्रों में छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के कारण धमवाड़ी , गुशाली, लढोट, खड़ापत्थर, सुंगरी और टिक्कर सहित दर्जनों सड़कें वाहनों के लिए पूरी बंद हैं। इस वजह से रोहड़ू हरिद्वार बंस सेवा भी कुड्डे के समीप भालूक्यार में मार्ग बंद रहने से आगे नहीं जा पाई। परिवहन निगम के अड्डा प्रभारी ने बताया कि रोहड़ू डिपो के लगभग सभी रूट रविवार को बंद रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई जगह पर भूस्खलन और हिमपात के कारण सड़कें बंद हैं। मौसम साफ होने पर निचले रूटों पर बस सेवा सोमवार से शुरू हो जाएगी। रोहडू़ मंडल में बिजली बोर्ड के 640 ट्रांसफार्मर बंद थे। बर्फबारी से बिजली बोर्ड को भारी नुकसान हुआ है। दिन भर मजदूर और कर्मचारी बिजली बहाल करने के लिए डटे रहे। देर शाम तक कुछ स्थाई कुछ अस्थायी तौर पर ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त कर बिजली आापूर्ति बहाल कर दी गई है। अब ऊंचाई वाले क्षेत्रों के केवल 250 ट्रांसफार्मर ही बंद है।