मंदिर परिसर में माता के दर्शनों के लिए दिनभर लगा रहा श्रद्धालुओं का तांता
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। चैत्र नवरात्र की अष्टमी पर मंगलवार को हाटकोटी मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। मंदिर में सुबह 6:00 बजे से ही श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया था। मंदिर के लंगर भवन में दिनभर भंडारे का आयोजन किया गया। माता के दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानियां पेश न आए, इसके लिए मंदिर न्यास कमेटी की ओर से उचित प्रबंध किए गए थे। नवरात्र के लिए हाटकोटी मंदिर को फूल-मालाओं से सजाया गया है। मंगलवार को अष्टमी पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतार लगना शुरू हो गई थी। नवरात्र पर मंदिर में लगने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ के लिए मंदिर न्यास कमेटी की ओर से पहले ही उचित व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर में होमगार्ड के जवान भी तैनात किए गए है। इसके साथ मंदिर के बाहर ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस के जवान भी तैनात है। मंदिर न्यास कमेटी के अध्यक्ष व एसडीएम जुब्बल राजीव सांख्यान ने बताया कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए उचित प्रबंध किए गए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए भी पुलिस के जवान भी तैनात किए गए हैं।