राेहड़ू। जुब्बल तहसील की रांवी पंचायत के अतंर्गत घुंसा गांव जमीन धंसने से खतरे की जद में आ गया है। भारी बारिश से घुंसा गांव में जमीन करीब दो मीटर तक धंस गई है। जमीन धंसने से मकानों में दरारें पड़ गई है। इस वजह से गांव के करीब आधा दर्जन मकानों को असुरक्षित घोषित कर दिया गया है।
खतरे को देखते हुए इन मकानों को खाली करवा दिया है। घुंसा गांव एक दर्जन से अधिक घरों की बस्ती है। भूमि धंसने से पूरा गांव खतरे की जद में आ गया है। गांव से गुजरने वाली लोक निर्माण विभाग की सड़क धंस गई है। हालत यह है कि खेतों और रास्तों में चौड़ी-चौड़ी दरारें पड़ गई हैं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की और से नायब तहसीलदार सरस्वतीनगर ने मौके पर आकर नुकसान का जायजा लिया। गांव के प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से पांच हजार रुपये की फौरी राहत और एक तिरपाल दिया गया है।
रांवी पंचायत के पूूर्व प्रधान और घुंसा गांव निवासी वीर प्रकाश बाल्टू ने बताया कि प्रशासन अपने छोटे कर्मचारियों को मौके पर भेजकर खानापूर्ति कर रहा है। उन्होंने कहा कि गांव से होकर गुजरती लोक निर्माण विभाग की सड़क दो मीटर तक धंस गई है। सड़क के नीचे लगातार भूस्खलन हो रहा है।
इस संबंध में विभाग के आला अधिकारियों को कई बार अवगत भी करवाया गया लेकिन विभाग के आला अधिकारी कुछ भी करने को तैयार नहीं है। इसका खामियाजा आज घुंसा गांव के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। रांवी पंचायत प्रधान सुधीरा पनाटू ने बताया कि घुंसा ग्राम में कई मकानों में दरारें आ गई हैं। कुछ मकानों को खाली करवा दिया गया है। प्रशासन की ओर से नुकसान की रिपोर्ट तैयार की गई है।