रोहड़ू। टिक्करी के समीप बुधवार को डोडरा-क्वार सड़क को खोलते समय पहाड़ी से भूस्खलन होने से मशीन पर चट्टानें गिर गईं। इससे मशीन पूरी क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि मशीन का चालक और अन्य मजदूर बाल-बाल बच गए। बारिश और भूस्खलन के कारण पंद्रह दिनों से बंद डोडरा क्वार सड़क को बहाल करना विभाग के लिए चुनौती बनता जा रहा है।
दूसरी ओर बागवानों के लिए सेब की फसल को मंडियों तक पहुंचाना चुनौती बन गया है। सड़क को बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने मशीनें तैनात की हैं लेकिन टिक्कर के समीप हो रहे लगातार भूस्खलन और पहाड़ी से गिर रही चट्टानों के कारण विभाग की कोशिश नाकाम हो रही हैं। सड़क पर इस स्थान पर दिनभर मलबा साफ किया जाता है तो रात को फिर सड़क बंद हो जाती है।
अब विभाग को यहां पर काम बंद करना पड़ रहा है। इससे रोहडू उपमंडल की शिलादेश और खरशाली दो पंचायतों के अलावा डोडरा क्वार उपमंडल के लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। लोक निर्माण विभाग मंडल लडोट के तहत टिक्करी में सड़क पर बुधवार को बडा हादसा होने से टल गया। अगर मौके पर तैनात लोग मुस्तैदी से काम नहीं करते तो कई लोगों की जान जा सकती थी।
लोनिवि के सहायक अभियंता नरेंद्र नायक ने बताया कि भारी भूस्खलन से टिक्करी- शिलादेश-लोडोट-डोडरा क्वार सड़क पंद्रह दिनों से बंद है। टिक्करी गांव के सामने लगातार हो रहे भूस्खलन से अब लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। खतरे को देखते हुए अभी काम रोक दिया गया है।