ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग के साथ लगते देवरीघाट में ऋषि पंचमी मेला धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर आयोजित कुश्ती में चंडीगढ़ के आशीष ने माली अपने नाम की। मेले में ठियोग विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
इस मौके पर राठौर ने कहा कि मेले हमारी समृद्ध सभ्यता और संस्कृति का प्रतीक है। इसके माध्यम से न केवल आपसी भाईचारे की भावना को बल मिलता है, बल्कि हमारी प्राचीन संस्कृति की विरासत के संरक्षण में भी यह अहम है। उन्होंने मेला कमेटी के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की।
मेले में कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। कुश्ती के मुकाबले देखने के लिए ठियोग और आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग उपस्थित हुए। हर साल मेले में आयोजित होने वाली दंगल प्रतियोगिता में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल के नामी पहलवान दमखम दिखाते हैं। दंगल में चंडीगढ़ के आशीष प्रतिद्वंदियों को पछाड़ कर माली का खिताब अपने नाम किया।
उन्हें एक लाख रुपये के इनाम से नवाजा गया। इस मौके पर देवता चिखड़ेश्वर और देवता जदराई के प्रमुख कारदार एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कंवर नरेंद्र सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष विवेक थापर, उपाध्यक्ष रीना शर्मा, प्रदेश कांग्रेस सचिव राजेश वर्मा, जेपी वर्मा, संजय शर्मा और सुनील खाची सहित अन्य मौजूद रहे।
कूपन नंबर 4,739 को निकला मोटरसाइकिल इनाम
दंगल मेले में लकी ड्रा का आयोजन किया गया। इसमें 10 विजेेताओं को पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। प्रथम पुरस्कार बुलेट मोटरसाइकिल संजीव भोटका कूपन नंबर 4,739 ने जीता। वहीं रोहन शर्मा ने कूपन नंबर 216 में दूसरा पुरस्कार स्कूटी जीती। तीसरा पुरस्कार साइकिल कूपन नंबर 4022, चौथा पुरस्कार घास कटर कूपन नंबर 4703, पांचवां पुरस्कार वाशिंग मशीन कूपन नंबर 5,717, छठा पुरस्कार गैस चूल्हा कूपन नंबर 5,740, सातवां पुरस्कार लकड़ी कटर कूपन नंबर 4,725, आठवां पुरस्कार तीन इंडक्शन चूल्हा कूपन नंबर 1,755, 4,773, 7,807, नौवां पुरस्कार चार बुखारी कूपन नंबर 5,478, 3,666, 3,740, 3,719 और दसवां पुरस्कार दस इलेक्ट्रिक प्रेस 2,667, 2,671, 2,141, 5,215, 5,271, 2,570, 3,981, 1,263 और 3,523 नंबर कूपन ने जीते हैं।