उद्यान विभाग तैयार कर रहा फाइनल रिपोर्ट, सूखा पड़ने और ड्रापिंग से घट सकती हैं पेटियां
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। उद्यान विभाग ने राेहड़ू उपमंडल के तहत इस वर्ष 48 लाख सेब की पेटियों के उत्पादन का शुरुआती अनुमान लगाया गया है। हालांकि जून में सूखा पड़ने से ड्रापिंग होने से सेब की फसल प्रभावित हुई है। यह आकलन जून में ड्रापिंग होने से पहले का है। फाइनल रिपोर्ट में सेब की फसल कम होने का अनुमान लगाया है। अब उद्यान विभाग फसल की फाइनल रिपोर्ट तैयार करने में जुट गया है। रोहड़ू उपमंडल सेब बाहुल्य इलाका है। उपमंडल के अंतर्गत दो ब्लॉक चिड़गांव व छौहारा आते हैं, जिसमें 65 से अधिक पंचायतें हैं। उद्यान विभाग ने इस वर्ष चिड़गांव ब्लॉक में 21 लाख और रोहड़ू ब्लॉक से 27 लाख सेब की पेटियां होने का शुरुआती अनुमान लगाया गया है। बीते वर्ष चिड़गांव में 16 लाख तथा रोहडू में 21 लाख सेब की पेटियां आंकी गई थी।
उद्यान विभाग के विषय वाद विशेषज्ञ डॉ. संजय कुमार ने बताया कि विभाग सेब की फसल की फाइनल रिपोर्ट तैयार कर रहा है। अभी आकलन जून में ड्रापिंग होने से पहले का है। फाइनल रिपोर्ट में सेब की फसल का अनुमान शुरुआती आकलन से कम होने की संभावना है।