लोकसभा चुनाव में मतदान की प्रतिशतता बढ़ाने के लिए विभाग ने चलाया जागरुकता अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने और चुनाव में लोगों की शतप्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग की ओर से विभिन्न जागरुकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। डाक विभाग भी मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने की जागरूकता अभियान चला रहा है। इसके तहत विभाग लोगों को दी जा रही रजिस्ट्री और अन्य डाक के जरिये चुनाव का पर्व देश का गर्व का संदेश दे रहा है। लोकसभा चुनाव में लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग विभिन्न जागरुकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों, शिक्षा संस्थानों और गलियारों में स्वीप, नुक्कड़, नाटक के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। डाक विभाग ने चुनाव का पर्व, देश का गर्व नारा देकर मतदाताओं को अपने मत का प्रयोग करने का आह्वान कर रहा है। मुख्य डाकघर रिकांगपिओ में हर रोज चुनाव के महापर्व में लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए डाक विभाग ने विशेष अभियान चलाया है। घर-घर, गांव-गांव जाकर डाकिया चिट्ठी और पार्सल देकर लोगों को लोकसभा चुनाव में वोट अवश्य डालने के लिए प्रेरित कर रहा है। जिला मुख्यालय रिकांगपिओ डाकघर के अधीन जिला किन्नौर और लाहौल स्पीति के ताबो, काजा और सगनम डाकघर भी शामिल हैं। विभाग की ओर से हर चिट्ठी और पार्सल पर डाक विभाग द्वारा मतदान के प्रति जागरुकता के लिए अनिवार्य रूप से चुनाव का पर्व, देश का गर्व मुहर लगाकर डाकिया डाक लाया, घर-घर मतदान देने का संदेश लेकर जा रहा है। बताते चलें कि रिकांगपिओ मुख्य डाकघर के तहत 14 उप डाकघर और 70 शाखा डाकघर काम करते हैं। इसमें 84 डाकिए हर दिन चिट्ठियों और पार्सल में चुनाव का पर्व, देश का गर्व संदेश की मुहर लगाकर गंतव्य तक पहुंचाते हैं। जिले में डाकघर का नेटवर्क बेहतर होने के कारण हर घर, दुकानों, सरकारी कार्यालयों में चुनाव आयोग का यह संदेश मिल रहा है। जिले के शमशेर नेगी, राम बहादुर नेगी, ललिता नेगी, अशोक, राकेश शर्मा, प्रमिला देवी, सुशील देवी, पवना, हीरामणी और कलादेवी सहित अन्य ने डाक विभाग और चुनाव आयोग की इस पहल को सराहनीय बताया है। मुख्य डाकघर रिकांगपिओ के डाकपाल ताराचंद नेगी ने बताया कि निर्वाचन आयोग का चुनाव का पर्व, देश का गर्व का संदेश दिया जा रहा है। यह संदेश डाकिये द्वारा डाकघर के अधीन आने वाले सभी गांव, सरकारी कार्यालय और दुकानदारों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने मतदान में सभी से भाग लेकर सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में अहम योगदान देने का आह्वान किया है।