कांग्रेस कमेटी आनी के आनी खंड के 79 बूथों के अध्यक्षों और पदाधिकारियों की बैठक विभिन्न मुद्दों पर चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। कांग्रेस कमेटी आनी के आनी खंड के 79 बूथों के अध्यक्षों और पदाधिकारियों की बैठक शनिवार को दुर्गा मंदिर सराय भवन में हुई। इसमें आनी ब्लॉक के सभी 79 बूथों के अध्यक्षों सहित बीसीसी आनी के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में बूथ अध्यक्षों को अपनी बूथ टीम सहित लोकसभा चुनाव को लेकर प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारियां सौंपी गई। चुनाव प्रभारी आनी रूपेश कंवर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का जोश देखकर गदगद हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। सभी बूथ अध्यक्षों ने अपने-2 बूथों की स्थिति के बारे में बीसीसी अध्यक्ष युपेंद्रकांत मिश्रा, बीसीसी आनी पदाधिकारियों को अवगत करवाया और पूरी बूथ की टीम के साथ मजबूती के साथ चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने का आश्वासन दिया। युपेंद्रकांत मिश्रा ने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आनी के कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के सहयोग से लोकसभा चुनाव प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह को आनी विधानसभा से भारी लीड दिलवाई जाएगी। बीसीसी अध्यक्ष युपेंद्रकांत मिश्रा ने कहा कि 1 मई को आनी ब्लॉक के सभी आठ जोन के पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसमें बीसीसी आनी के पदाधिकारी भी भाग लेंगे। जल्द निरमंड खंड में भी बूथ स्तर की बैठक की जाएगी। बैठक में बीसीसी आनी, महिला कांग्रेस, यूथ विंग, सेवादल, इंटक, अल्पसंख्यक विभाग, एनएसयूआई,आनी खंड के सभी जोनल अध्यक्ष और बूथ अध्यक्षों सहित पदाधिकारियों ने भाग लिया।