लोक निर्माण विभाग पार्क के पास प्रशासन ने चयनित किए पटाखे बेचने की जगह
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। दिवाली से दो दिन पहले रामपुर बाजार में वीरवार को हजारों लोग खरीदारी करने के लिए पहुंचे। इस दौरान लोगों ने जमकर खरीदारी की। वहीं धनतेरस को लेकर भी लोग सुबह से लेकर शाम तक सोने-चांदी और अन्य आभूषणों की खरीदारी करते रहे। मुख्य शहर सहित गली-मोहल्लों की दुकानों में भी लोगों की भीड़ देखने को मिली। लोगों ने बर्तन, आभूषण, मिठाइयां, पटाखे और अन्य सामान की जमकर खरीदारी की। वहीं आग से सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने पटाखों की बिक्री के लिए लोक निर्माण विभाग पार्किग के पास स्थान चिह्नित किया है। आग के खतरे की आशंका के चलने प्रशासन ने दमकल विभाग को पहले से सतर्क रहने के निर्देश जारी किए। रामपुर बाजार में सुबह से लेकर शाम तक लोग अपने घरों की सजावट के लिए लाइटें और दीये खरीदते रहे। एसडीएम निशांत तोमर ने बताया कि दिवाली पर्व को लेकर प्रशासन ने रामपुर उपमंडल के लिए चौधरी अड्डा के नजदीक लोक निर्माण विभाग की पार्किग के पास जगह चिह्नित की गई है। इससे लोग यहां पटाखों और अन्य सामान की खरीद कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि एनजीटी के निर्देश का पालन किया जाएगा। वहीं पटाखों की बात करें तो बाजार में सस्ते से महंगे पटाखे उपलब्ध हैं। पटाखें 10 से 30 रुपये तक उपलब्ध वहीं। फुलझड़ी का पैकेट 20 रुपये से लेकर 300, अनार 100 से 300 रुपये, रॉकेट 150 से लेकर 400 रुपये तक उपलब्ध है। वहीं स्काई शॉट बात करें तो यह 700 रुपये से 1500 रुपये तक उपलब्ध है।