पेंशनर्स कल्याण संघ रामपुर में बैठक कर विभिन्न मुद्दों पर किया मंथन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। प्रदेश सरकार पेंशनरों की लंबित मांगों को 31 मार्च तक पूरा नहीं करती है, तो पेंशनर संघ संघर्ष का रास्ता और कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगा। इसकी जिम्मेवारी सरकार की होगी। यह बात संघ के अध्यक्ष सुदामा राम मेहता ने बैठक में कही। वीरवार को पेंशनर्स कल्याण संघ खंड रामपुर की त्रैमासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान संघ की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। इस मौके पर मेहता ने कहा कि 17 दिसंबर को राष्ट्र स्तरीय पेंशनर दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में रामपुर एसडीएम निशांत तोमर बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों को सम्मानित किया जाएगा। बैठक के दौरान एक दिवसीय हेल्पएज इंडिया द्वारा डिजिटल सुरक्षा शिविर का आयोजन किया गया। हेल्प एज इंडिया परियोजना के समन्वयक रंजीत राठौर ने पेंशनरों को डिजिटल सुरक्षा और डिजिटल धोखाधड़ी के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा की डिजिटल धोखाधड़ी से बुजुर्गाें से पैसे ऐंठे जाते हैं। बुजुर्गों को ऑनलाइन धोखाधड़ी के बारे में जागरुक किया। इस दौरान कृष्ण कुमार शर्मा, अनमोलक राम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद नेगी, मस्तराम, शशिबाला नेगी, तुलसीदास, राजेंद्र पालसरा, बहादुर सिंह, सैंजराम, मोहन लाल, लक्ष्मीनंद, शिवराम, केवलराम बुशहरी, कैलाश जोशी और मानदास बुशहरी अन्य उपस्थित रहे।