मेला मैदान में सुबह से लेकर देर शाम तक उमड़ी लोगों की भारी भीड़, आज हटेंगी अस्थायी दुकानें
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। प्रमुख व्यापारिक केंद्र रामपुर में सजने वाला अंतरराष्ट्रीय लवी मेला भले ही आधिकारिक तौर पर समाप्त हो गया हो, लेकिन मेले में व्यापार और खरीदारी का दौर रविवार को भी जारी रहा। मेले के आखिरी दिन हजारों लोगों ने पहुंचकर जमकर खरीदारी की। लवी मेला पाटबंगला खेल मैदान में मेला कमेटी रामपुर ने 10 दिसंबर तक व्यापार करने का समय दिया था लेकिन मांग पर प्रशासन ने पांच दिन तक यानि रविवार तक कारोबार करने का समय दिया है। पांच दिन बीतने के बाद सोमवार को व्यापारियों को मेला मैदान में लगे स्टाॅलों को खाली करना होगा। मेला रविवार को आखिरी दिन होने पर खरीदारी करने के लिए लोगों की खूब भीड़ रही। इस दौरान लोगों ने सर्दियों के लिए गर्म कपड़े और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी की। इस दौरान लोगों ने मक्की की रोटी सरसों का साग, सिडडू और किन्नौरी सूखे मेवे का भी आनंद लिया। एसडीएम रामपुर निशांत तोमर ने कहा कि लवी मेले में आए व्यापारियों को रविवार तक मेला सजाने की अनुमति दी है। सोमवार से मेले में सजे सभी प्लॉट खाली करने होंगे। नियमों की अवहेलना पर कार्रवाई की जाएगी।