पंचायत समिति की बैठक में विभिन्न विकास कार्यों को लेकर किया मंथन, विभिन्न विभागाधिकारी रहे नदारद, विकास कार्यों पर नहीं हो सकी चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। शुक्रवार को ननखड़ी में पंचायत समिति भवन में बीडीसी की त्रैमासिक बैठक आयोजित हुई। इसकी अध्यक्षता पंचायत समिति अध्यक्ष रीता धीमान ने की। बैठक में विभिन्न विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई और साथ में आय-व्यय पर भी मंथन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी नदारद रहे, जिसके चलते बैठक में अधिकतर विकास कार्यों को लेकर चर्चा नहीं हो सकी। जनप्रतिनिधियों ने ऐसे अधिकारियों के खिलाफ रोष जताया गया। बैठक में रामपुर से नारकंडा बस जो सुबह के समय वाया देलठ रूट पर चलती है, लेकिन शाम के समय यह बस देलठ नहीं आती है। इस करण ग्राम पंचायत देलठ और करांगला पंचायत के सैकड़ों ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बस को लेकर पहले भी तीन बार बैठक में यह मुद्दा उठाया गया और साथ में ग्राम पंचायत देलठ से ग्रामसभा से भी प्रस्ताव पारित कर बस को शाम के समय वाया देलठ चलाने की मांग की गई, लेकिन प्रशासन और निगम इस और गौर नहीं कर रहा है। ऐसे में दो पंचायतों के सैकड़ों लोगों को मजबूरन आगे का सफर पैदल तय करना पड़ रहा है। इसको लेकर बैठक में सदस्यों ने रोष प्रकट किया। पंचायत समिति अध्यक्ष रीता धीमान ने बताया कि बैठक में सिर्फ लोक निर्माण विभाग, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य और वेलफेयर विभाग के ही कर्मचारी पहुंचे। जबकि अन्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने बैठक से अनुपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि अन्य विभागों के प्रति खासा रोष जताया गया। बैठक में पंचायत समिति उपाध्यक्ष शेर सिंह खुंद, पंचायत समिति सदस्य हिमना देवी, प्रीति मंगल, मंगत राम, सुरजन, दीपा मेहता, कमलेश, कंपा ठाकुर, सविता देवी और रुद्रा देवी सहित अन्य मौजूद रहे।