संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। सोमवार को नोगली स्कूल के स्वयंसेवियों ने शिविर के अंतिम दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से खूब समां बांधा। इससे पूर्व स्वयंसेवियों ने स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को पर्यावरण और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाने की अपील की। इसके साथ ही रानी रत्न कुमारी मेमोरियल राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नोगली में राष्ट्रीय सेवा योजना का शिविर संपन्न हो गया। समापन अवसर पर समाजसेवी पीयूष आनंद बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। प्रधानाचार्य पुष्पानंद गुप्ता ने मुख्यातिथि का टोपी और शॉल भेंटकर स्वागत किया। मुख्यातिथि ने दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम की शुरूआत की। पीयूष आनंद ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को समाज के प्रति कर्तव्यों को बताती है। यह युवाओं को समाज के प्रति अपने दायित्व को पूरा करने का मंच है। उन्होंने कहा कि स्कूल स्तर पर हर छात्र को एनएसएस शिविर लगाना चाहिए। इसके बाद स्वयंसेवियों ने पहाड़ी, किन्नौरी और कुल्लवी नाटी डालकर खूब वाहवाही लूटी। स्वयंसेवियों ने एकल नृत्य, एकल गीत से भी सभागार में मौजूद लोगों का खूब मनोरंजन किया। प्रधानाचार्य पुष्पानंद गुप्ता ने स्वयंसेवियों को कर्तव्य और लक्ष्यों के प्रति तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर उपप्रधानाचार्य दिनेश भलूनी, एनएसएस प्रभारी राकेश नेगी, नारायण सिंह लक्टू, कंचन बिष्ट, शैलजा थापर, शंकर नेगी, सुधीर रोहटा सहित स्टाफ के अन्य सदस्य मौजूद रहे।