रामपुर बुशहर। रामपुर के साथ लगते झाकड़ी में नेशनल हाईवे पांच पर ब्रौनी खड्ड एनएच एक बार फिर से यातायात के लिए अवरूद्ध हो गया है। शुक्रवार रात से जारी बारिश के कारण खड्ड का जलस्तर बढ़ गया है। इस कारण जिला किन्नौर, 15/20 और सराहन क्षेत्र का संपर्क कट गया है।
ब्रौनी खड्ड में भूस्खलन और बाढ़ आने के कारण नेशनल हाईवे प्राधिकरण को करीब दो करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचा है। बीते शुक्रवार को भारी बरसात और भूस्खलन के कारण बाधित एनएच बहाल हो कर दिया गया था लेकिन रात में फिर हुई भारी बारिश के कारण नेशनल हाईवे शनिवार को यातायात के लिए फिर बाधित हो गया है। इस कारण किन्नौर की ओर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है।
दिनभर बारिश जारी होने के कारण यहां एनएच को बहाल करना परेशानियों भरा बना हुआ है। हालांकि एनएच प्राधिकरण ने एनएच की बहाली के लिए मौके पर दो मशीनें तैनात कर दी हैं लेकिन भारी बारिश के कारण ब्रौनी खड्ड का जलस्तर काफी बढ़ गया है। इस कारण यहां से वाहनों की आवाजाही खतरनाक हो गई है। प्राधिकरण की मानें तो शनिवार शाम तक भी एनएच बहाली की कोई उम्मीद नहीं है। इस कारण वाहनों को वाया झाकड़ी-जगातखाना होकर चलाया जा रहा है।
एनएच बाधित होने से हजारों लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। नेशनल हाईवे प्राधिकरण रामपुर के अधिशासी अभियंता केएल सुमन ने बताया कि भारी बरसात और भूस्खलन के कारण ब्रौनी खड्ड में नेशनल हाईवे बंद हो गया है। इसे बहाल करने का कार्य चल रहा है।