पूह-काजा और स्पीति का कटा संपर्क, लोगों को झेलनी पड़ी परेशानी
यातायात अवरूद्ध होने से बसों की आवाजाही भी हुई प्रभावित, बीआरओ ने मशक्कत के बाद बहाल किया मार्ग
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। जिला किन्नौर के तहत पांगी नाले में शनिवार रात को भारी भूस्खलन होने से नेशनल हाईवे 12 घंटे तक अवरुद्ध रहा। इस वजह से लोगों को भारी परेशानियों से दो चार होना पड़ा। हाईवे अवरुद्ध होने से पूह-काजा और स्पीति वैली का संपर्क कटा रहा। रविवार सुबह सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन ने मौके पर मशीनरी को भेजा और मार्ग बहाली का कार्य शुरू किया। करीब 12 घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू हुई, जिससे क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। जानकारी के मुताबिक पांगी नाले में शनिवार रात करीब 10:00 बजे पहाड़ी से भारी भूस्खलन हो गया। इसके कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। यातायात अवरूद्ध होने से जिले के लोगों को आवाजाही को भारी परेशानियों से दो चार होना पड़ा। हालत यह थी कि सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। इसके बाद बीआरओ की टीम ने नेशनल हाईवे को बहाल करने का कार्य शुरू किया और सुबह करीब करीब दस बजे मार्ग बहाल को बहाल किया। इसके बाद पूह खंड की दो दर्जन से अधिक पंचायतों सहित ताबो, काजा-स्पीति की ओर वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रिकांगपिओ पीयूष शर्मा ने बताया कि रविवार सुबह हाईवे अवरुद्ध होने से बसों की आवाजाही भी प्रभावित हुई लेकिन मार्ग बहाल होते ही काजा की ओर बसों की आवाजाही शुरू कर दी गई है। सीमा सड़क संगठन के कार्यवाहक ओसी राजेंद्र सिंह ने कहा कि रविवार सुबह सूचना मिलते ही सात बजे मशीनरी को मौके पर भेजा गया। करीब 10:00 बजे बाधित मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है।