रामपुर का कटा संपर्क, एनएच प्राधिकरण मार्ग बहाली के कार्य में जुटा, प्रशासन ने मौके पर तैनात किए पुलिस जवान
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। बीते दिनों से जारी भारी बारिश के कारण अब पहाड़ियों के दरकने का सिलसिला शुरू हो गया है। किन्नौर जिले के बाद अब रामपुर के खोपड़ी में पहाड़ी दरकने से नेशनल हाईवे पांच अवरूद्ध हो गया है। एनएच बाधित होने से रामपुर का संपर्क कट गया है। पहाड़ी से हुए भारी भूस्खलन को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पुलिस जवानों की तैनाती कर दी है। वहीं एनएच प्राधिकरण बाधित एनएच को बहाल करने के कार्य में जुट गया है। जानकारी के मुताबिक सोमवार दोपहर बाद करीब सवा तीन बजे रामपुर के मां महिषमर्दिनी महालक्ष्मी मंदिर खोपड़ी के समीप अचानक पहाड़ी से भारी भूस्खलन हुआ। गनीमत रही कि जिस समय भूस्खलन हुआ तो एनएच से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। बीते दो दिन हुई लगातार बारिश के कारण पहाड़ी से भूस्खलन हो गया। यह क्षेत्र भूस्खलन प्रभावित है, जहां आए दिन पहाड़ी से पत्थरों के गिरने का सिलसिला चला रहता है। भूस्खलन की घटना के बाद एसडीएम रामपुर निशांत तोमर और डीएसपी नरेश शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने एनएच के दोनों ओर सुरक्षा के लिहाज से जवानों की तैनाती की है, जो मौके पर नजर बनाए रखेंगे। एनएच प्राधिकरण मार्ग बहाली में जुटा हुआ है। एनएच पर आए भारी मलबे को हटाने में कई घंटों का समय लगा। हालांकि एनएच बाधित होने के बाद छोटे वाहन वाया ब्रौ होकर शिमला की ओर भेजे जा रहे हैं। एसडीएम निशांत तोमर ने बताया कि खोपड़ी मंदिर के समीप पहाड़ी से भूस्खलन की सूचना मिलते ही पुलिस जवानों की तैनात कर दिया गया है। भूस्खलन में किसी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।