गर्म कपड़ों और स्थानीय उत्पादों की भी जमकर हुई खरीदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। प्रमुख व्यापारिक केंद्र रामपुर में सजने वाला अंतरराष्ट्रीय लवी मेला भले ही आधिकारिक तौर पर समाप्त हो गया हो, लेकिन मेले में व्यापार और खरीदारी का दौर अभी भी जारी है। मेला मैदान में मंगलवार को हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। इसके अलावा स्कूल के बच्चों ने भी मेला मैदान पहुंचकर झूलों का आनंद लिया। स्थानीय प्रशासन ने भी व्यापारियों की मांग पर मेले में दुकानें को पांच दिन और सजाने के लिए अतिरिक्त समय दिया है। सोमवार को सभी कारोबारियों को दुकानें हटानी होंगी। मेले में सजी औजारों की दुकानों में भी ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने खेतीबाड़ी में इस्तेमाल होने वाले औजार खरीदे। कुल्लू जिले से आए उत्पाद भी लोगों को काफी पसंद आ रहे हैं। एसडीएम रामपुर निशांत तोमर ने कहा कि लवी मेले में आए व्यापारियों को रविवार तक मेला सजाने की अनुमति प्रदान की गई है। सोमवार से मेले में सजे सभी प्लॉट खाली करने होंगे। नियमों की अवहेलना पर कार्रवाई की जाएगी।