चयनित कलाकार चार दिन सांस्कृतिक संध्याओं में देंगे प्रस्तुतियां
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। 11 नवंबर से लेकर 14 नवंबर तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के लिए अभी तक 220 कलाकार ऑडिशन दे चुके हैं। जिला भाषा अधिकारी शिमला की अगुवाई वाली कमेटी कलाकारों के ऑडिशन ले रही है। ऑडिशन में जिला शिमला, किन्नौर मंडी और सिरमौर से कलाकार पहुंचे हैं। उल्लेखनीय है कि हर वर्ष लवी मेले की चार सांस्कृतिक संध्याओं में करीब 140 के करीब लोक कलाकार प्रस्तुतियां देते हैं। लवी मेले में आयोजित होने वाली चार सांस्कृतिक संध्याओं में से एक संध्या नगर परिषद द्वारा करवाई जाती है जबकि इसके अलावा आयोजित होने वाली तीन संध्याओं में ऑडिशन कमेटी द्वारा चयनित कलाकारों को प्रस्तुतियां देने का मौका मिलता है। उधर, जिला भाषा अधिकारी शिमला अनिल हारटा ने बताया कि हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति को कला के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने में लवी मेले की अहम भूमिका रहती है। प्रदेश की संस्कृति पारंपरिक लोक गायन, वादन और नृत्य को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।