करीब 100 मीटर के हिस्से में हुआ भारी भूस्खलन, बीआरओ ने बहाली का कार्य किया शुरू
राष्ट्रीय उच्च मार्ग बंद होने से यातायात ठप, ट्रांसमिट करके चलाई जा रही बसें
संवाद न्यूज एजेंसी
पूह (किन्नौर)। किन्नौर जिले के पूह खंड के अंतर्गत पूह से काजा जाने वाले एनएच-505 पर सुबह छह बजे अचानक पहाड़ी से चट्टानें गिर गईं। इससे एनएच पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। पूह से काजा की ओर वाहनों की आवाजाही ठप होने से काजा का संपर्क किन्नौर जिले से कट गया है। एनएच-505 बंद होने की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन ने 4 मशीनरी और 20 मजदूरों की मदद से एनएच को बहाल करना शुरू कर दिया है लेकिन भारी भरकम चट्टानें गिरने से देर शाम तक एनएच बहाल नहीं हो सका है। इसके कारण काजा से किन्नौर और किन्नौर से काजा जाने वाले यात्रियों सहित पर्यटकों को परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। सुबह से ही एनएच बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है। इसके कारण यहां वाहनों की कतार लगी है। कई लोग एनएच बंद होने पर पैदल गंतव्य की ओर जाने पर मजबूर हो गए हैं। सीमा सड़क संगठन समदो के ओसी राजकुमार प्रकाश ने बताया भारी चट्टानें गिरने से एनएच पूरी तरह से बंद हो गया है। उन्होंने कहा कि अधिक चट्टानें होने से मार्ग बहाल करने में समय लग रहा है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को एनएच खोलने का पूरा प्रयास किया जाएगा। वहीं पथ परिवहन निगम के अड्डा प्रभारी सुमन नेगी ने बताया कि एनएच-505 पूह-काजा की ओर बंद होने से बसों को ट्रांसमिट करके भेजा जा रहा है।