बस सेवा बंद होने से सैकड़ों लोगो को करना पड़ रहा दिक्कतों का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। कोटखाई से गरावग रूट पर चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन बस पांच माह से बंद पड़ी है। इस कारण क्षेत्र के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बस सेवा बंद होने से ग्रामीणों में भी रोष व्याप्त है। स्थानीय निवासी यश शरैट, साहिल पनैईक, अंकुश सावत, दीपक शौहाल, संजीव चौहान, लोकेंद्र चौहान, जोगिंद्र सिंह, अंकुश सुमन ने कहा कि कोटखाई से गरावग के लिए नियमित रूप से परिवहन निगम की बस सेवा चलती थी लेकिन बीते पांच माह से रूट पर बस नहीं चल रही है। इस कारण शोषण, शांऊ, पाइंडा, कदेवली, ग्रेई, पड़शोली, मोहली, कुड़ी, चेवर, चजौली गांव सहित गरावग पंचायत के साथ लगते अन्य गांवों के लोगों को दिक्कतें पेश आ रही हैं। खासकर बच्चों को भी स्कूल जाने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मरीजों को उपचार के लिए कोटखाई अस्पताल आने और जाने के लिए टैक्सी का भारी भरकम किराया चुकाना पड़ता है। ग्रामीणों ने परिवहन मंत्री से आग्रह किया है कि जल्द रूट पर निगम की बस सेवा को बहाल किया जाए, जिससे क्षेत्र की जनता को यातायात की पर्याप्त सुविधा मिल सके। परिवहन निगम के कोटखाई बस अड्डा प्रभारी प्रकाश ने बताया कि बसों की कमी के कारण रूट बंद है। जैसे ही नई बसें आएंगी रूट को बहाल कर दिया जाएगा।