टैक्सियों का अतिरिक्त किराया चुकाने को मजबूर लोग, बस सेवा जल्द बहाल करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। उबादेश क्षेत्र के अंतर्गत गोलो कराल और खोला कुईनल रूट पर परिवहन निगम की बस सेवा बीते एक साल से बंद पड़ी है। बस सेवा बंद होने से क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों के बार-बार आग्रह के बाद भी बस सेवा को शुरू नहीं किया गया है। स्थानीय निवासी सुंदर डोगरा, जय सिंह, मदन घाई, हेम चंद डोगरा, रोशन काल्टा, विकास काल्टा, भीष्म, सुनील बामटा, चमन लाल और प्यारे लाल काल्टा ने बताया कि बीते एक साल से गोलो कराल और खोला कुईनल मार्ग पर बस सेवा बंद पड़ी है। इस कारण ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को घर से उपमंडल कार्यालय तक आने और जाने के लिए टैक्सियों का अतिरिक्त किराया चुकाना पड़ रहा है। बस सेवा एक वर्ष से ठप है। इसे आरंभ करने के लिए कोई भी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इससे स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों ने कहा है कि शिमला से गोलो कराल बस रूट कोटखाई क्षेत्र के लिए सबसे मुनाफे वाला रूट है लेकिन सरकार की लापरवाही से आज पथ परिवहन विभाग को नुकसान हो रहा है। स्थानीय जनता को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने परिवहन मंत्री से आग्रह किया कि जल्द शिमला गोलो कराल बस को सेवा बहाल की जाए। कोटखाई बस अड्डा प्रभारी अनवर ने बताया कि मार्ग पर दीवार लगनी है। जो अभी तक नहीं लग पाई है। दीवार लगने के बाद बस की आवाजाही बहाल हो पाएगी।