कल्पा गांव में राउ लाने पर्व में तीसरे दिन लोगों ने नृत्य का लिया आनंद, देश-विदेश के सैलानी भी पहुंचे
उपायुक्त ने भी की कार्यक्रम में शिरकत, लोगों को दी मेले की शुभकामनाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर) जिला किन्नौर के कल्पा गांव में आयोजित पांच दिवसीय राउ लाने पर्व के तीसरे दिन स्थानीय ग्रामीण चेहरे पर मुखोटे लगाकर बहरूपिया बनके मंदिर प्रांगण में पहुंचे। इस दौरान लोगों ने लोकनृत्य से लोगों का खूब मनोरंजन किया। इस दौरान देश-विदेश से आए सैलानियों ने भी इसका लुत्फ उठाया। देवता नारायण के आदेश पर यह मेला पांच दिन तक चलता है। लोग देवता नारायण का आशीर्वाद लेकर पारंपरिक वेशभूषा में दिनभर मंदिर में नचाते और गाते हैं। इस दौरान पारंपरिक नृत्य का लुत्फ उठाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। मान्यता है कि मुखौटे वाले व्यक्ति को अगर किसी ने पहचान लिया तो अशुभ मना जाता है। इस दौरान मुखोटे में बहरूपिये के साथ लोगों ने खूब हंसी मजाक भी किया। इस मेले में उपायुक्त किन्नौर डाॅ. अमित कुमार शर्मा, एसडीएम कल्पा डाॅ. शशांक गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने मंदिर में माथा टेका और लोगों को मेले की शुभकामनाएं दीं।