रिकांगपिओ कॉलेज में आबकारी विभाग के 55वें स्थापना दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। राज्य कर एवं आबकारी विभाग हिमाचल प्रदेश के 55वें स्थापना दिवस पर ठाकुर सेन नेगी राजकीय महाविद्यालय रिकांगपिओ में जिला स्तरीय प्रश्नोत्तरी स्पर्धा का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता ठाकुर सेन नेगी महाविद्यालय रिकांगपिओ की प्राचार्य डाॅ. पूनम ने की। प्राचार्य डाॅ. पूनम ने आबकारी विभाग को प्रतियोगिता के आयोजन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में कर से संबंधित जानकारी प्रदान करने में अहम भूमिका निभाते हैं। सहायक आयुक्त कर एवं आबकारी विभाग सुरेंद्र ठाकुर ने विद्यार्थियों को कर देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा की कर के माध्यम से सरकार ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं क्रियान्वित की जाती हैं। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय रिकांगपिओ की चार टीमें और हिम इंस्टीट्यूट ऑफ टीचर एजुकेशन पौंडा की दो टीमों ने भाग लिया। इसमें राजकीय महाविद्यालय रिकांगपिओ के बीकॉम के छात्र वंश नेगी और चिराग नेगी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय महाविद्यालय रिकांगपिओ के बीकॉम के छात्र अनिशा और रिषभ ठाकुर ने द्वितीय और हिम इंस्टीट्यूट ऑफ टीचर एजुकेशन पौंडा के विश्व कर्मा और अर्पिता ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कर एवं आबकारी विभाग जिला किन्नौर के अधिकारियों और कर्मचारियों सहित महाविद्यालय रिकांगपिओ के विद्यार्थी मौजूद रहे।