डीसी किन्नौर डॉ. अमित कुमार ने की सांस्कृतिक परिषद की बैठक में हथकरघा और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने पर दिया बल
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। उपायुक्त किन्नौर एवं अध्यक्ष जिला सांस्कृतिक परिषद किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने जिला सांस्कृतिक परिषद की बैठक ली। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जनजातीय जिला किन्नौर की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कटिबद्ध है। इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन समय-समय पर युवा पीढ़ी के लिए जागरुकता एवं प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन करता रहता है, जिससे जनजातीय जिले की युवा पीढ़ी को हथकरघा एवं हस्तशिल्प की जानकारी प्राप्त हो सके और विभिन्न राज्यों से आए पर्यटकों को किन्नौर की सांस्कृतिक धरोहर का ज्ञान प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि जनजातीय जिले के लकड़ी एवं धातु के कारीगरों की आय में वृद्धि के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा उनके कल्याण के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं, जिससे युवा पीढ़ी इस व्यवसाय के प्रति आकर्षित हो सके। उन्होंने बौद्ध संस्कृति को बढ़ावा देने को दोहराया और पूह विकास खंड में भोटी भाषा के संरक्षण पर भी बल दिया। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह विनय मोदी सहित जिला भाषा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।