संवाद न्यूज एजेंसी
भावानगर(किन्नौर)। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त किन्नौर डा. अमित कुमार शर्मा ने वीरवार को जिला के भावानगर स्थित परियोजना वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रांगण में आयोजित मतदाता जागरुकता स्वीप गतिविधियों के तहत कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में जनजातीय जिला किन्नौर के मतदाता 1 जून को मतदान के दिन बढ़चढ़कर लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी सुनिश्चित करें। पिछले विधानसभा चुनावों में मतदान केंद्र भावानगर-1, भावानगर-2, रिकांगपिओ-2 और शोल्टू में मतदान की प्रतिशतता कर्म दर्ज की गई थी। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और पंचायत जन प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वे सभी वर्गों को मतदान के महत्व को लेकर जागरूक करें। इस अवसर पर स्थानीय महिला मंडलों ने किन्नौरी नाटी प्रस्तुत करके मतदान करने का संदेश दिया। इसके अतिरिक्त विद्यालय के छात्र और छात्राओं ने नारा लेखन और नाटक प्रस्तुति के माध्यम से मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके अलावा म्यूजिकल चेयर और मटका फोड़ प्रतियोगिता का ग्रामीण महिलाओं के लिए आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के स्टेट आईकन एवं साइकलिंग चैंपियन जसप्रीत पाल ने युवाओं को मतदान करने का संदेश दिया। इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी भावानगर बिमला वर्मा, तहसीलदार पूह कुलवंत सिंह, खंड विकास अधिकारी पूह अभिषेक बरवाल, स्वीप दल के अधिकारी और कर्मचारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित शिक्षकों सहित विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित थे।