कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने किया सड़क का लोकार्पण, तेलंगी में सुनीं लोगों की समस्याएं
भावानगर में ग्रेडिंग और पैकिंग हाउस, वातानुकूलित व शीत भंडार किया जाएगा स्थापित
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने 1.97 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित तेलंगी कंडा सड़क का उद्घाटन किया। 6.195 किलोमीटर लंबी सड़क के बनने से क्षेत्र के सैकड़ों लोग लाभान्वित होंगे। इसके अलावा उन्होंने करीब 82 लाख रुपये से निर्मित होने वाले 0.860 किलोमीटर एनएच-505 से नमे तेलंगी-दाखो सड़क का शिलान्यास भी किया। इस दौरान मंत्री ने तेलंगी में लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इय मौके पर उन्होंने कहा कि बागवानी क्षेत्र को सुदृढ़ करने और बागवानों की आय बढ़ाने के दृष्टिगत प्रदेश सरकार एचपीएमसी के माध्यम से सस्ती दरों पर उपकरण, खाद और कीटनाशक उपलब्ध करवा रही है। किसान उत्पादक संगठनों के सहयोग से किन्नौर जिले के भावानगर में ग्रेडिंग और पैकिंग हाउस, वातानुकूलित व शीत भंडार स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा मूरंग के समीप रेत की खान के पास भी ग्रेडिंग और पैकिंग हाउस, वातानुकूलित व शीत भंडार स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। बोक्टू कूहल की मरम्मत करवाई जाएगी, जिससे तेलंगी के लोगों को भरपूर जल सुविधा मिल सके, तेलंगी पंचायत घर निर्माण का कार्य जल्द पूर्ण किया जाएगा। राजस्व मंत्री ने महिला मंडल तेलंगी और महिला मंडल तारख्वा को सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने पर 25-25 हजार रुपये देने की घोषणा की। पंचायत तेलंगी ने मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में करीब 1.51 लाख रुपये का अंशदान किया। इससे पूर्व राजस्व मंत्री ने शुद्धारंग पंचायत में लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि शुद्धारंग में पानी की समस्या के निपटारे और सिंचाई की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बोक्टू कूहल को दुरुस्त करके सिंचाई का पानी उपलब्ध करवाया जाएगा। एनएच से शुद्धारंग तक मार्ग का कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। इसके अलावा शुद्धारंग को आदर्श गांव बनाने के लिए लंबित कार्यों को पूरा किया जाएगा। साथ ही मल-निकासी योजना से भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाएगा।