संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। रिकांगपिओ में बुधवार को वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें लोगाें को सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही लोगों को ऑनलाइन होने वाली धोखाधड़ी की घटनाओं से बचने के लिए विस्तार से जानकारी दी गई। जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड विजय सिंह नेगी और अग्रणी जिला प्रबंधक पंजाब नेशनल बैंक जिला किन्नौर तिलक राज डोगरा ने केंद्र का शुभारंभ किया। विजय सिंह नेगी ने कहा कि वित्तीय साक्षरता केंद्र के माध्यम से लोगों को बैंकों की विभिन्न योजनाओं और बैंकिंग के बारे में जागरूक किया जाएगा। तिलक राज डोगरा ने कहा कि वित्तीय साक्षरता केंद्र के माध्यम से लोगों को वित्तीय ऋण देने और सुरक्षा बीमा योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। पेंशन योजनाओं और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के बारे में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। अरावली संगठन के निदेशक डॉ. यशपाल शर्मा ने बताया कि अरावली जिला शिमला, सोलन और सिरमौर में वित्तीय साक्षरता केंद्रों का संचालन पहले से ही कर रहा है। अब जिला किन्नौर के तीनों खंडों में वित्तीय साक्षरता केंद्र का संचालन किया जा रहा हैं। इसमें केंद्र द्वारा आम लोगों को स्थानीय भाषा में जानकारी प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के प्रबंधक नीमा दोरजे नेगी और अरावली संगठन के परियोजना प्रबंधक दिनेश शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।