चौपाल में स्कूलों की खेलकूद प्रतियोता के समापन पर मुख्य अतिथि के साथ विजेता टीमें
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दोफदा में आयोजित अंडर 19 छात्रों की खेलकूद प्रतियोगिता में झाकड़ी ने ओवरआल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के सैकड़ों खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।
तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्यातिथि चौहान बंधु रनोट वीर सिंह सेवानिवृत्त उपप्रधानाचार्य, प्रताप सिंह मुख्य प्रबंधक, प्यारे लाल सेवानिवृत्त एसई, यशवीर सिंह पीईटी और बलवीर सिंह चौहान सेवानिवृत्त मुख्याध्यापक ने विजेता खिलाड़ियों को नवाजा। प्रतियोगिता में 31 पाठशालाओं के करीब 600 छात्रों ने प्रतिभा के जौहर दिखाए।
वॉलीबाल और कबड्डी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झाकड़ी ने बाजी मारी। वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर ने दूसरा स्थान पाया। खो-खो में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धारगौरा ने पहला और डंसा स्कूल ने दूसरा स्थान हासिल किया। बैडमिंटन में झाकड़ी स्कूल ने पहला स्थान प्राप्त किया। लोकनृत्य में नोगली स्कूल ने प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर दूसरे स्थान पर रहा।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए मुख्यातिथि ने स्कूल प्रबंधन को बधाई दी। इस अवसर पर खंड समन्वयक रत्न गुप्ता, प्रधानाचार्य सुनील कुमार, उपप्रधानाचार्य राकेश बेश्टू, खेल प्रभारी प्रीतम ठाकुर, सुभाष रांझा, सुधीर रोहा सहित अन्य मौजूद रहे।