आनी (कुल्लू)। इस वर्ष पहले बरसात ने करोड़ों की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया तो वहीं सोमवार को कोटखाई समेत आनी के विभिन्न क्षेत्रों में ओलावृष्टि ने किसान और बागवानों को चिंतित कर दिया है। बेमौसम हुई ओलावृष्टि से बागवानों की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। इससे जहां मौसम वैज्ञानिकों की चिंता भी बढ़ गई है।
जानकारी के मुताबिक आनी के बेहद ऊंचाई वाले क्षेत्र खुन और शिगागी क्षेत्र में सोमवार शाम को ओलावृष्टि हुई है। ओलावृष्टि कुछ समय के लिए हुई लेकिन बेमौसम ओलावृष्टि से हर कोई हैरान है। सितंबर के शुरू में हो रही ओलावृष्टि मौसम परिवर्तन का कारण माना जा रहा है। अभी इस क्षेत्र में बागवानों का सेब भी बगीचे में ही है, हालांकि अधिकतर बागवानों ने एंटी हेल नेट अपने बगीचों में लगाए हैं, जिससे नुकसान से बचाव हो सका, लेकिन बेमौसम ओलावृष्टि ने बागवानों और किसानों की चिंता को बढ़ा दिया है।
वहीं कोटखाई उपतहसील के तहत गांव पुजैली, घलेया, बघाल और चौगन कुलटी गांवों में भारी ओलावृष्टि हुई है। इससे बागवानों की फसल को नुकसान पहुंचाा है। ओलावृष्टि 5:30 बजे के समय हुई और करीब आधे घंटे तक होती रही।