रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंची जंगल की आग, शेड, सोलर लाइटें और पाइप लाइन को भी पहुंचा नुकसान
ग्रामीणों ने मिलकर पाया काबू, लाखों की संपत्ति जली
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। उपमंडल जुब्बल के तहत ग्राम पंचायत झड़ग के चेबड़ी गांव में जंगल की आग रिहायशी इलाकों तक पहुंचने से भारी नुकसान हुआ है। आग में गोशाला जलने से उसमें बांधी गाय जिंदा जल गई तो वहीं सैकड़ों फलदार पौधे झुलस गए। इस घटना में ग्रामीणों को लाखों का नुकसान पहुंचा है। घटना में सात सौ से अधिक सेब सहित अन्य फलदार पौधे झुलस गए हैं। प्रशासन की ओर से मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। जानकारी के अनुसार घटना बुधवार सुबह 11:00 बजे की है जब घासनी में किसी कारण से आग लग गई। कुछ ही समय में यह आग बगीचों में पहुंच गई। इससे क्षेत्र के लोगों के सेब, नाशपाती, आड़ू, बादाम और चुल्ली के 700 से अधिक पौधे जल गए हैं। आग की लपटों में एक अन्य शेड , सोलर लाइटें और पाइप लाइन भी जल गया है। इसी दौरान एक बगीचे में सैन देवी पत्नी मदन सिंह की गोशाला भी आग की चपेट में आ गई। इस हादसे में एक गाय जिंदा जल गई है। हालांकि आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काबू पाने का प्रयास किया लेकिन तब तक लाखों रुपये की संपत्ति आग की भेंट चढ़ चुकी थी। प्रशासन की ओर से पटवारी को नुकसान का जायजा लेने के लिए मौके पर भेजा गया है। रिपोर्ट में सेना देवी पत्नी मदन सिंह, विक्की पुत्र कर्म जीउ, प्रकाश चंद पुत्र गुलट राम, राम लाल पुत्र ज्ञान चंद, हरदयाल सिंह पुत्र किरपा राम, गोवर्धन सिंह पुत्र केसरू राम, रोशन लाल पुत्र दयालू, लोकिंद्र पुत्र पूर्ण चंद, अशोक पुत्र किरपा राम, शशी कला पत्नी राम प्रकाश,भोपेंदर पुत्र गोकला नंद,कर्म सुख पुत्र फदर व संत जय कृष्ण पुत्र संतराम का की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। मौके पर मौजूद पटवारी प्रकाश चंद ने बताया कि पुलिस की टीम सहित घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।