सांगला में बाढ आने से पूरा बाजार में बिखरा मलबा।
सांगला (किन्नौर)। जिला किन्नौर में पांचवें दिन भी बारिश का कहर जारी है। लगातार हो रही बारिश से जिले के नदी-नाले उफान पर हैं। बुधवार को जिला किन्नौर के प्रमुख पर्यटन स्थल सांगला बाजार के समीप नाले में अचानक बाढ़ आ गई। इससे बाजार में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
गनीमत रही कि बाढ़ से किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है लेकिन बाढ़ की चपेट में आने से तीन वाहनों को नुकसान पहुंचा है। दूसरी ओर रिब्बा नाले में एक बार फिर बाढ़ आ गई। इससे पूह-काजा राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 फिर से अवरुद्ध हो गया है। इससे पूह उपमंडल और स्पीति क्षेत्र के लिए यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। हालांकि रिकांगपिओ से रामपुर की तरफ एनएच यातायात के लिए बहाल है। वहीं जिले में बारिश के कारण कल्पा में 14 और निचार उपमंडल में 3 पेयजल योजनाएं ठप हैं। जबकि 128 ट्रांसफार्मर अभी भी बंद पड़े हैं।
इनको बहाल करने का कार्य प्रगति पर है। वहीं जिले के कल्पा, निचार और पूह उपमंडल में 36 संपर्क मार्ग बाधित हैं। लोक निर्माण विभाग मार्गों को खोलने के कार्य में जुटा हुआ है। वहीं उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने कहा कि हर मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।