आग की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और वन विभाग के कर्मचारियों ने मशक्कत के बाद काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला ( किन्नौर)। किन्नौर जिले के छितकुल गांव में इन दिनों देश और विदेश के आने वाले पर्यटकों की लापरवाही गांव के लिए मुसीबत बन गई है। पर्यटकों ने शुशंग के नजदीक जंगल में आग लगा दी। इससे वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है। आग लगने की सूचना मिलते ही छितकुल गांव के ग्रामीण और वन विभाग के कर्मचारियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इससे पहले भी छितकुल गांव के पार जंगल में किसी पर्यटक ने आग जलाई थी लेकिन गांव वालों ने समय रहते इसे बुझा दिया। व्यापार मंडल छितकुल के प्रधान राजेश नेगी ने बताया कि पर्यटकों की लापरवाही से जंगल में आग लगने की घटनाएं पेश आ रही हैं। उन्होंने छितकुल आने वाले पर्यटकों से अपील की कि हर कहीं आग न जलाएं । उन्होंने कहा कि अगर कोई पर्यटक जंगल में आग जलाते पाया गया तो उससे जुर्माना वसूला जाएगा और उनके खिलाफ पंचायत और वन विभाग की ओर से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उधर, वन विभाग के गार्ड पवन ने बताया कि छितकुल के ग्रामीणों अग्निशमन विभाग के सहयोग से शुशंग में 90 प्रतिशत आग पर काबू कर पा लिया है। उन्होंने पर्यटकों से जंगल में आग न जलाने की अपील की है।