संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। तहसील चिड़गांव के तहत देनवाड़ी गांव में गोशाला में आग लगने से एक गाय की जलकर मौत हो गई जबकि दो गायें झुलस गईं। हादसा सोमवार शाम के पेश आया। पता चला है कि सबसे पहले आग घासनी में लगी, जिसके बाद फैलती हुई साथ लगती गोशाला तक पहुंच गई। घटना का पता चलते ही दमकल केंद्र चिड़गांव की टीम ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन उस समय तक एक गाय जल चुकी थी जबकि दो गायों को झुलसी हालात में लोगों ने बाहर निकाला। प्रशासन की ओर से नुकसान का जायजा लेने के लिए पटवारी को मौके पर भेज दिया गया है। पशु औषधालय के फार्मासिस्ट चमन ने बताया कि आग से झुलसी गायों का उपचार शुरू कर दिया गया है। यह गोशाला कपिल पुत्र फतेह सिंह निवासी ग्राम पंचायत खाबल की थी।