चौधरी अड्डे में नहीं रुकेंगी बसें, शिमला की ओर मिनी सचिवालय और किन्नौर की ओर बौद्ध मंदिर से चलेंगी बसें
मेले में पहुंचने वाले देवताओं के ठहरने का मेला कमेटी ने किया बंदोबस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। 26 मार्च से रामपुर के राज दरबार परिसर में आयोजित होने वाले जिलास्तरीय फाग मेले में शिमला और कुल्लू जिले के 24 देवी-देवता भाग लेंगे। चार दिवसीय मेले में इस वर्ष 110 दुकानें सजेंगी। इसके लिए 22 मार्च से प्लॉट आवंटन प्रक्रिया शुरू होगी। ऐसा पहली बार है, जब मेले में नेशनल हाईवे पांच पर केवल एकतरफा दुकानें सजेंगी। वहीं मेले के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने को लेकर ट्रैफिक प्लान भी तैयार किया गया है। एसडीएम रामपुर निशांत तोमर ने बताया कि रामपुर के राजदरबार परिसर में 26 से 29 मार्च तक जिलास्तरीय फाग मेला आयोजित होगा। मेले में शिमला और कुल्लू जिले के दो दर्जन देवी-देवता भाग लेंगे। इस बार मेले में आने वाले देवी-देवताओं को करीब 4 लाख 54 हजार रुपये की नजराना राशि भेंट की जाएगी। चार दिवसीय फाग मेले में देवता साहिब बसाहरू, देवता साहिब गसोह, देवता साहिब छोटू कीम, देवता साहिब शिंगला, देवता साहिब डंसा, देवता साहिब लालसा, देवता साहिब शनेरी, देवी साहिबा बाड़ी, देवता साहिब चंभू कशोली, देवता साहिब धारा सरघा, देवता साहिब खुड्डीजल नाग आनी देवरी, देवता साहिब ब्रांदली, देवता साहिब डमैहड़ी, देवता साहिब सूमा, देवता साहिब शोली, देवता साहिब लैलन, देवता साहिब लांकड़ावीर ठारला, देवता साहिब टूटू, देवता साहिब पंचवीर कमडाली बौंडा सराहन, देवता साहिब चाटी, देवता साहिब कलेडा, देवता साहिब तेबन, देवता साहिब मड़ेलु भदराल और देवी साहिबा नव दुर्गा माता गांवबील शिरकत करेंगे। तोमर ने बताया कि इन देवी-देवताओं के ठहरने के लिए शहर के विभिन्न मंदिरों और ठहराव स्थलों का चयन किया गया है। दरबार मैदान, सत्यनारायण मंदिर, पुरोहित मंदिर, रैन बसेरा टैरिस, नरसिंह मंदिर, शिव मंदिर, गुफा मंदिर, शलाट मंदिर ब्रौ, शिव मंदिर पदमनगर, बौद्ध मंदिर, अखाड़ा मंदिर, महावीर मंदिर वार्ड नंबर 4, हनुमान घाट और जगातखाना में ठहरने की व्यवस्था की गई है। चार दिवसीय मेले के दौरान राष्ट्रीय उच्च मार्ग पांच पर केवल एक तरफ ही कारोबारियों को प्लॉट उपलब्ध होंगे। मेले के लिए 110 स्टॉल आवंटित किए जाएंगे। 22 मार्च से प्लॉट आवंटन प्रक्रिया शुरू होगी। मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने के लिए यात्रियों को उतारने और चढ़ाने के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं। किन्नौर से शिमला की ओर जाने वाली बसें मिनी सचिवालय रामपुर के समीप और शिमला से किन्नौर जाने वाली बसें सतलुज व्यू से पहले बौद्ध मंदिर के समीप यात्रियों को उतारेंगी और चढ़ाएंगी। इस दौरान चौधरी अड्डे के पास बसों का ठहराव नहीं होगा। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।