प्रशासन और नगर परिषद ने 7 अप्रैल तक दुकानें सजाने की दी है अनुमति
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर में 26 मार्च से शुरू हुआ फाग मेला भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन मेले को लेकर एनएच पांच पर सजी दुकानों में लोग अभी भी जमकर खरीदारी कर रहे हैं। स्थानीय प्रशासन और नगर परिषद रामपुर ने मेले में आए व्यापारियों को 7 अप्रैल तक दुकानें सजाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद दुकानों को हटाने की प्रक्रिया शुरू होगी। फाग मेले को लेकर नेशनल हाईवे पांच पर सजी दुकानों में इन दिनों लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। खासकर लोग कपड़ों की सबसे अधिक खरीदारी कर रहे हैं। इससे मेले में बाहरी राज्यों से पहुंचे व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं। मेले में सजी दुकानों में कपड़े, जूते, बर्तन और अन्य रोजमर्रा का सामान उपलब्ध है। दुकानें सजाने आए व्यापारियों ने बताया कि नेशनल हाईवे पांच पर रोजाना लग रहे ट्रैफिक जाम के कारण खरीदारी करने पहुंच रहे लोगों को दिक्कतें पेश आ रही हैं। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी वरुण शर्मा ने बताया कि मेले में आए व्यापारियों को 7 अप्रैल तक दुकानें सजाने की अनुमति रहेगी। इसके बाद दुकानें हटाने का कार्य शुरू किया जाएगा।