जिला स्तरीय मेले की बढ़ाएंगे शोभा, नोग वैली में खुशी की लहर
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा (रामपुर बुशहर)। रामपुर में सजने वाले चार दिवसीय जिला स्तरीय फाग मेले में परशुराम ठहरी की चार दैविक शक्तियां एक साथ शिरकत करेंगी। मेले में शिरकत करने के लिए मंदिर कमेटियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इससे नोग घोड़ी क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। नगर परिषद रामपुर ने इस मर्तबा भी ठहरी के देवताओं का सत्य नारायण मंदिर परिसर में ठहरने का प्रबंध किया है। नोग घोड़ी चार ठहरी मंदिर समिति प्रधान बहादुर लाल शर्मा ने बताया कि फाग मेले में शिरकत करने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ठहरी के देवताओं में जाहरु नाग शनेरी, देवता दमुख डंसा, दोगणू लालसा और योगेश्वर देवता शिंगला दूसरी बार मेले में एकसाथ शोभायात्रा निकालेंगे। उन्होंने कहा कि देवलुओं के साथ घोड़ी से लोगों को अधिक से अधिक संख्या में लाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देवताओं के साथ आने वाले देवलुओं और अन्य श्रद्धालुओं के लिए लंगर की उचित व्यवस्था की गई है। चार दिवसीय फाग मेले में ढोल-नगाड़ों की थाप पर ठहरियों के देवताओं के साथ हजारों लोग झूमेंगे।