विद्यार्थियों की पढ़ाई हो रही प्रभावित, घर के कामकाज निपटाना हुआ मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा (रोहड़ू)। नेरवा तहसील की ग्राम पंचायत पुजारली के गांव कांसोली के लोग बिजली की कम वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। स्कूलों में बच्चों की बाेर्ड की परीक्षाएं सामने हैं। बिजली की कम वोल्टेज के कारण बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। लोगों का कहना है कि बिजली बोर्ड के अधिकारियों से कई बार समस्या के समाधान की मांग की गई है लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने बताया कि लो वोल्टेज के कारण बल्ब में रोशनी काफी होती है। साथ ही बिजली के उपकरण भी उचित तरीके से काम नहीं करते हैं। इससे लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। युवक मंडल के प्रधान अर्जुन ठाकुर, जयपाल ठाकुर, पंचायत के पूर्व उप प्रधान हेमंत ठाकुर, मनोहर सिंह, किरपा राम, सरू राम, मोती राम, माेहन लाल, अमर सिंह, चैन सिंह और पूरण राम ने बताया ग्रामीणों को लंबे समय से कम वोल्टेज की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा विभाग के उच्च अधिकारी समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें।