अनुष्ठान के अंतिम दिन प्रतिष्ठा में आए 13 देवी-देवताओं और जाइयों के साथ हजारों लोग बनें धार्मिक आयोजन के साक्षी
देव मिलन देखकर भावविभोर हुए लोग, भंडारे में ग्रहण किया प्रसाद
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर क्षेत्र के आराध्य देवता साहिब जाख रचोली नवनिर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में सोमवार को शिखा पूजन और कलश स्थापना हुई। इस धार्मिक आयोजन के हजारों लोग साक्षी बने। सोमवार को देव मिलन को देखकर लोग भावि विभोर हो गए। शिखा पूजन और कलश स्थापना के साथ सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन हो गया है। अंतिम दिन प्रतिष्ठा में आए 13 देवी-देवताओं और जाइयों को मंदिर कमेटी ने विदाई दी। मंदिर परिसर में दिनभर नाटियों का दौर चला। नौ अप्रैल से जाख देवता रचोली मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम शुरू हुआ था। धार्मिक अनुष्ठान में रामपुर और रोहड़ू से आए 13 देवताओं ने भाग लिया। रविवार देर शाम तक विभिन्न क्षेत्रों से देवता रचोली स्थित जाख मंदिर पहुंचे। ढोल नगाढ़ों की थाप पर लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। देररात तक देवताओं के मिलन का सिलसिला चलता रहा। सोमवार सुबह से करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से तैयार देवता जाख मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा शुरू हुई। देवधुनों के साथ हजारों लोग प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में मौजूद रहे। मंत्रोच्चारण के साथ नवनिर्मित मंदिर की शिखा पूजन और कलश स्थापना की गई। मंदिर में देवताओं के नृत्य सभी के आकर्षण का केंद्र रहा। मंदिर परिसर में हजारों लोगों ने ढोल-नगाढ़ों की थाप पर पारंपरिक नाटी लगाई। हजारों लोगों ने धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। महिलाओं ने भी देवताओं के आगे माथा टेककर सुख समृद्धि का आशीर्वाद पाया। देवता जाख मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर मंदिर कमेटी की ओर से अटूट भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे हजारों लोगों ने देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। देवता जाख मंदिर कमेटी के अध्यक्ष अशोक शर्मा ने बताया कि सात दिनों से चला आ रहा धार्मिक अनुष्ठान सोमवार को सुख-शांति के साथ संपन्न हो गया। सभी लोगों के सहयोग से इस आयोजन को सफल बनाया गया। उन्होंने बताया कि प्रतिष्ठा में पहुंचे देवताओं और जाइयों को मंदिर कमेटी की ओर से विदाई दी गई।