संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। पुलिस ने रोहड़ू बाजार में तलाशी के दौरान एक युवक को 120 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक सीमा रंटाड़ी पंचायत के बरटू गांव का रहने वाला है। आरोप चिट्टे की खेप लेकर रोहड़ू पहुंचा गया था लेकिन पुलिस ने सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक कार में चिट्टे की बड़ी खेप लेकर रोहड़ू पहुंच रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रोहड़ू के नए बस अड्डे वाली सड़क के चौक पर नाकेबंदी की। वीरवार सुबह करीब ग्यारह बजे युवक कार में हाटकोटी की ओर से जैसे ही नाके पर तैनात पुलिस की टीम के पास पहुंचा। यहां तैनात पुलिस टीम ने युवक को कार सहित दबोच लिया। स्वतंत्र गवाहों के सामने वाहन की तलाशी ली गई तो स्टेयरिंग के अंदर छुपाकर रखी गया एक सौ बीस ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान सीमा रंटाड़ी पंचायत के रजनीश उर्फ बंटी के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि युवक पहले से चिट्टे के कारोबार में संलिप्त है। पुलिस थाना रोहडू में आरोपी के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। डीएसपी रोहडू रविंद्र नेगी ने बताया कि पुलिस ने रजनीश को गिरफ्तार कर लिया है। युवक की कार को कब्जे में लिया गया है। उसके खिलाफ पहले भी चिट्टे के कई मामले दर्ज है। युवक से पूछताछ जारी है।