नेरवार के बजाह गांव की घटना, युवक ने आईजीएमसी में तोड़ा दम
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा (रोहड़ू)। नेरवा के बजाह गांव में पानी की लाइन जोड़ने जा रहे युवक की गिरने से मौत हो गई है। युवक को गंभीर अवस्था में आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया था लेकिन यहां उसने दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी नेरवा जयंत करुण गौतम ने बताया कि शुक्रवार शाम चार बजे संदीप कुमार (42) पुत्र बद्री राम निवासी गांव बजाह, तहसील नेरवा घर से निकटवर्ती गांव के लिए पानी की लाइन जोड़ने जा रहा था। इसी बीच रास्ते में अचानक उसका पांच फिसलने से संतुलन बिगड़ गया। इससे वह फिसल कर गहरी खाई में जा गिरा। आसपास के लोगों और परिजनों ने उसे खाई से निकाला और गंभीर अवस्था में सिविल अस्पताल नेरवा पहुंचाया। नेरवा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के पश्चात उसे आईजीएमसी शिमला के लिए रेफर किया गया। यहां पर शनिवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। ऑफिस कानूनगो नेरवा सुरेश हरजेट ने बताया कि दुर्घटना के विषय में मृतक के परिजनों ने अभी तक स्थानीय प्रशासन को सूचित नहीं किया है। सूचना मिलने के बाद मुआवजा प्रदान किया जाएगा।