संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा (रोहड़ू)। उत्तराखंड की सीमा के साथ सटे नेरवा तहसील की ग्राम पंचायत किरण में एक व्यक्ति की ढांक से गिरकर मौत हो गई है। ग्राम पंचायत किरण के उपप्रधान दलीप सिंह ने बताया कि मृतक पदम सिंह पुत्र टोटकु, निवासी ग्राम सवड़ कुछ दिन पहले पशु चराने के लिए निकटवर्ती जंगल गया था। जब शाम को वह घर नहीं आया तो उसके परिजनों ने गांव के लोगों के साथ उसको तलाशले के लिए गए। काफी खोजबीन करने के उपरांत उसका कोई अता पता नहीं चला तो देर रात वह वापिस आ गए। दूसरे दिन सुबह गांव की एक महिला उस रास्ते से गुजर रही तो उसने गहरी खाई में व्यक्ति को गिरा देखा। उसने इसकी सूचना गांववालों को दी। लोगों ने शव को खाई से निकाल उसकी पहचान के बाद पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नेरवा पहुंचाया। अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्जकर तफ्तीश आरंभ कर दी है। नायब तहसीलदार नेरवा श्याम ठाकुर ने बताया कि स्थानीय प्रशासन की ओर से कानूनगो सुरेश हरजेट ने फौरी राहत के तौर पर मृतक के परिजनों को 25,000 रुपये की राशि प्रदान की है। एसडीपीओ चौपाल राजकुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच में हादसा गिरने के कारण हुआ है।