सीपीएस मोहन लाल ब्राक्टा ने किया सड़क का लोकार्पण, बस को दिखाई हरि झंडी
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। मुख्य संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा ने शनिवार को धमवाड़ी-गोक्सवाड़ी मार्ग का लोकार्पण किया। उन्होंने बस को हरि झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने जनसमस्याओं को सुना और मौके पर ही उनका निपटारा किया। गोक्सवाड़ी में लोगों को संबोधित करते हुए मोहन लाल ब्राक्टा ने कहा कि रोहड़ू क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। जितने भी विकास कार्य भाजपा सरकार के कार्यकाल में ठप थे, सभी कार्यों को फिर से गति मिल गई है। जन समस्याओं के निपटारे के लिए वह खुद क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए बजट पेश किया है। निश्चित तौर से बजट से प्रदेशवासियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि बागवानों की यूनिवर्सल कार्टन की मांग को भी बजट में पूरा किया गया है। इससे बागवानों को फायदा होगा। महेंदली सब्जी मंडी के विस्तारीकरण के लिए बजट में प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि धमवाड़ी-गोक्सवाड़ी सड़क से क्षेत्र के सैकड़ों लोग लाभान्वित होंगे। इस मौके पर ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष रोहड़ू करतार सिंह कुल्ला, जिला परिषद उपाध्यक्ष सुरेंद्र रेटका और सरबिंद्र नेगी उपस्थित रहे।