प्रदेश प्रवक्ता चेतन बरागटा ने कांग्रेस के चुनाव घोषणा पत्र को झूठ का पुलिंदा दिया करार
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। दशकों तक देश में शासन करने वाली कांग्रेस आज न्याय की बात कर रही है, लेकिन उसकी सरकारों ने सत्ता में रहते हुए न्याय नहीं किया। कांग्रेस ने आज तक विधानसभा और लोकसभा चुनावों के अपने घोषणापत्र में किए गए किसी भी वादे को पूरा नहीं किया है। यह बात भाजपा प्रदेश प्रवक्ता चेतन बरागटा ने कही। बरागटा ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र का नाम न्याय पत्र रखा है। इसका मतलब है कि कांग्रेस ने मान लिया है कि 55 साल उन्होंने देश की जनता के साथ अन्याय किया है। कांग्रेस के द्वारा जारी घोषणापत्र के बिंदुओं को देखकर स्पष्ट हो जाता है कि अब कांग्रेस की सोचने की क्षमता क्षीण हो गई है, जिस कांग्रेस पार्टी ने भारत की युवा शक्ति, उसकी आर्थिक, औद्योगिक एवं सैन्य क्षमता के साथ ही सुरक्षा के साथ न्याय नहीं किया। वह देश के साथ न्याय का वादा कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हालत ऐसी हो गई है कि घोषणापत्र में भी विदेश की तस्वीरों का इस्तेमाल करना पड़ा। एक तस्वीर जल प्रबंधन की है, जो न्यूयार्क के बफेलो नदी की है और पर्यावरण पर तस्वीर थाईलैंड की है। विधानसभा चुनाव के समय भी कांग्रेस पार्टी की ओर से 10 गारंटियां देने के साथ-साथ एक घोषणा-पत्र भी जारी किया गया था, लेकिन आज तक ये गारंटिया पूरी नहीं हुई है।