संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। बेरोजगारी में हिमाचल प्रदेश फिर देश में नंबर एक पर पहुंच गया है। हर वर्ष पांच लाख नौकरियां देने की गारंटी पूरी करने में प्रदेश की कांग्रेस सरकार नाकाम रही है। अब सरकार बेरोजगारी में नंबर एक पर आने का जश्न 11 दिसंबर को धर्मशाला में मना रही है। यह बात भाजपा प्रदेश प्रवक्ता चेतन बरागटा ने कही। बरागटा ने कहा कि तीन दिसंबर को पीएफएलएस की ओर से जारी डाटा के मुताबिक हिमाचल प्रदेश शहरी बेरोजगारी में नंबर एक पर है। डाटा के मुताबिक हिमाचल का 15 से 29 वर्ष का 34 प्रतिशत युवा बेरोजगार है। चौकाने वाला आंकड़ा तो ये है कि प्रदेश की 15 से 29 आयु वर्ग की 49 प्रतिशत महिलाएं भी बेरोजगार हैं। चेतन बरागटा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जनता को गारंटी दी थी कि पहली कैबिनेट में हर वर्ष पांच लाख युवाओं को रोजगार देंगे लेकिन कांगेस सरकार एक वर्ष में एक भी व्यक्ति को रोजगार देने में असफल रही है। कांग्रेस की सारी गारंटियां अभी तक झूठी साबित हुई है।