चुनाव विभाग ने पूर्वाभ्यास के लिए तैयारियां कीं पूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। लोकसभा चुनावों के मद्देनजर आनी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी प्रक्रिया को विधिवत रूप से संपन्न करवाने के लिए आनी प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम नरेश वर्मा ने बताया कि आनी विधानसभा में लोकसभा चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए कुल 145 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसमें दो महिला मतदान केंद्र 53 आनी और 57 निगान के अलावा इस बार चुनाव आयोग के निर्देशानुसार पहली बार युवा मतदान केंद्र 63 बैहना भी स्थापित किया है। यहां 35 साल से कम के युवा मतदाता आसानी से मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। सहायक रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया में तैनात 898 अधिकारी कर्मचारियों को रानी बेहड़ा मेला मैदान में बुधवार को पहले चरण का पूर्वाभ्यास करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन अधिकारियों और कर्मचारियों में 2 महिला मतदान केंद्र की 16 महिला कर्मचारी और एक युवा मतदान केंद्र के आठ कर्मचारी भी शामिल हैं।